मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अक्टूबर 18, 2025 1:51 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि अब पाकिस्तान का एक-एक इंच हिस्सा ब्रह्मोस मिसाइल की जद में है और पूरा देश इसकी ताकत जानता है। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मन अब ब्रह्मोस से बच नहीं पाएँगे। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर तो बस एक ट्रेलर था।

 

उन्‍होंने कहा कि ब्रह्मोस सिर्फ़ एक मिसाइल नहीं है, बल्कि यह देश की बढ़ती स्वदेशी क्षमताओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस में एक पारंपरिक वारहेड, एक उन्नत निर्देशित प्रणाली है। यह सुपरसोनिक गति से लंबी दूरी तक वार कर सकता है। उन्होंने कहा कि गति, सटीकता और शक्ति का संयोजन ब्रह्मोस को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रणालियों में से एक बनाता है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश रक्षा निर्माण क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और कई देश अब भारत के साथ तकनीकी सहयोग में रुचि रखते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में ब्रह्मोस टीम ने दो देशों के साथ चार हज़ार करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।

 

लखनऊ ब्रह्मोस इकाई उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे में पहली ऐसी सुविधा है जहाँ मिसाइल प्रणाली निर्माण से लेकर अंतिम परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया स्वदेशी रूप से की जाती है। कार्यक्रम के दौरान, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने बूस्टर भवन का उद्घाटन किया और बूस्टर डॉकिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन देखा।