दिसम्बर 16, 2024 1:47 अपराह्न

printer

योग और मलखंभ को 38वें राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया

38वें राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर समारोह की भव्यता के बीच योग और मलखंभ जैसे दो पारंपरिक खेल भी राष्ट्रीय खेल का हिस्सा बन गए। रविवार को देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित भव्य शुभंकर समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ पीटी ऊषा ने इसकी जानकारी सार्वजनिक की। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर प्रतीक मौली, लोगो, जर्सी, एंथम और टैग लाइन को लॉन्च किया। राष्ट्रीय खेलों के लिए टैगलाइन संकल्प से शिखर तक घोषित की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन एक उत्सव के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों का लोगो हमारे राज्य पक्षी मोनाल से प्रेरित है जो उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और विविधता के रंगों को भारत के प्रत्येक कोने तक पहुँचाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम्स रखी गयी है।
श्री धामी ने कहा कि इस आयोजन के लिए राज्य सरकार ने अवस्थापना सुविधाओं में लगभग 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।