यूरोपीय संसद के प्रबुद्ध विचारक एंजेलोस डेलिवोरियस ने कहा है कि भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर चीन से अधिक है और यह आगे भी जारी रहेगी। विदेश नीतियों के जानकार एंजेलोस डेलिवोरियस यूरोप के संसदीय अनुसंधान (ईपीआरएस) में नीति विशेषज्ञ हैं। ईपीआरएस यूरोपीय संसद के सदस्यों को व्यापक अनुसंधान और विश्लेषण परक समर्थन प्रदान करता है।
पिछले दशक में भारतीय अर्थव्यवस्था की सतत् वृद्धि का उल्लेख करते हुए एंजेलोस डेलिवोरियस ने कहा कि भारत की जीडीपी की वृद्धि दर चीन से अधिक है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक मंच पर एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में भारत के उभार को दर्शाता है। पिछले पांच वर्षों से वार्षिक तौर पर भारत की जीडीपी वृद्धि दर चीन से अधिक रही है।
2023 में भारत की औसत वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत रही, वहीं चीन की वृद्धि दर 5.2 प्रतिशत रही। भारत की जीडीपी की वृद्धि दर 2026 तक सात प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है, जबकि चीन की यह वृद्धि दर 4.6 प्रतिशत होगी। अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का अनुमान है कि 2024 में चीन की वृद्धि दर 4.6 प्रतिशत होगी जो 2028 में गिरकर 3.5 प्रतिशत पर आ जाएगी।
Site Admin | अप्रैल 9, 2024 10:32 पूर्वाह्न
यूरोपीय संसद के नीति विशेषज्ञ ने कहा- भारतीय जीडीपी की वृद्धि दर चीन से अधिक है और आगे भी रहेगी
