राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि युवा देश के भविष्य के निर्माता और इसकी महान सांस्कृतिक और सभ्यतागत परंपराओं के रखवाले हैं। उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि युवा देश के विकास के लिए खुद को समर्पित करेंगे।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भारत स्काउट्स और गाइड्स के हीरक जंयती समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत स्काउट्स और गाइड्स युवाओं को दिशा दे रहा है और उन्हें देश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 33 हज़ार स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स के साथ-साथ मालदीव, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब समेत एशिया-प्रशांत क्षेत्र के एक हजार 500 से ज़्यादा युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इससे पहले ब्रह्मा कुमारी के कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सरकार समाज को ज़्यादा समावेशी, शांतिपूर्ण और स्वस्थ बनाने के लिए कई ज़रूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में योग और ध्यान को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व करना इसमें शामिल हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने हमेशा दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी मूल्य आधारित शिक्षा की पहल शामिल की गई है।