मौसम विभाग ने आज कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ तूफान का अनुमान व्यक्त किया। विभाग ने आज लक्षद्वीप क्षेत्र, उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिणी हिस्सों में आंधी तूफान की संभावना व्यक्त की है। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत और महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने और उसके बाद तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट का अनुमान व्यक्त किया है। अगले तीन दिनों के दौरान गुजरात क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
विभाग ने बताया है कि इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र- दिल्ली में सुबह और रात के समय धुंध छाई रहेगी जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा।