मौसम विभाग ने 2 मई तक गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत में, अगले 5 दिनों तक रायलसीमा, सौराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कोंकण और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और आर्द्र मौसम के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के भीतर देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में अधिकतम तापमान, 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम होने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, अगले 5 दिनों में मध्य भारत में, तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने कहा कि यह स्थिति आज जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी बनी रहेगी।
वहीं, आज दिल्ली में दिन के समय आसमान साफ रहा और तेज हवाएं चलीं। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।