आज विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है। ये दिन पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और पर्यावरण के मुद्दे पर कार्य करने को लेकर मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुद्ध जंयती पार्क में पौधा रोपण कर ‘‘एक पेड मां के नाम’’ अभियान की शुरूआत की। इस अभियान का उद्देश्य देशभर में करोड़ों पौधे लगाने के लिए अनूठा जन-आंदोलन बनाना है।
इधर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ अपने निवास परिसर में चीकू, नीम और रुद्राक्ष का पौधा रोपा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों और आस-पास पौधा लगाने तथा पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी लेने की अपील की।
वहीं, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंत्रालय द्वारा आज “प्राकृतिक पुनरुत्पादन और बीज संरक्षण पर वॉक कम फील्ड कार्यशाला“ का आयोजन जंगल सफारी में किया गया। इसमें पचास से अधिक स्वयंसेवक, पर्यावरण प्रेमी और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इसी तरह, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा रायपुर के कला केंद्र में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट पोस्टर बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में एक निजी संस्था द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने नीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने चंदन के पौधे रोपे।
कबीरधाम जिले में अमृत सरोवर स्थलों पर ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। इसके साथ ही सरोवर के आसपास साफ-सफाई करते हुए जल संरक्षण और जैव विविधता के महत्व को जानते हुए वर्षा जल को बचाने संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आज धमतरी नगर पालिका द्वारा विभिन्न स्थलों, तालाबों सहित अन्य जल स्त्रोतों की साफ-सफाई की गई। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रीन आर्मी के सदस्य, प्रेस प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने श्रमदान किया।
उधर, बस्तर वनमंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्यामाप्रसाद मुखर्जी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Site Admin | जून 5, 2024 7:41 अपराह्न
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ अपने निवास परिसर में चीकू, नीम और रुद्राक्ष का पौधा रोपा
