मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोंडा में देवीपाटन मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में तेरह विभागों के कार्यों की प्रगति को परखा गया। बैठक में मुख्यमंत्री ने राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण करने और अफसरों की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांव को राजस्व ग्राम घोषित किया जाए और ग्राम वासियों को योजनाओं का लाभ दिया जाए। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का स्कूल में नामांकन कराया जाए। इसके लिए बीएसए के साथ बैठकर जिलाधिकारी रणनीति बनाएं।
मुख्यमंत्री ने अवैध खनन रोकने और खनन माफियाओं पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे मंडल में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का समुचित निस्तारण कराने के निर्देश दिए गये। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ से खराब हुई फसलों के संबंध में सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने के निर्देष भी दिये।
इस दौरान देवी पाटन मंडल के चारों जिलों के सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्षों के साथ अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गोंडा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।