मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में श्रम एवं सेवायोजन विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रम कानूनों का इस प्रकार सरलीकरण किया जाये, जिससे उद्योगों को सुविधा भी मिले और श्रमिकों का शोषण भी न हो।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि दुर्घटना की स्थिति में श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षा मिले, इसके लिए उन्हें सम्मानजनक मानदेय और बीमा सुरक्षा कवच देना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल श्रमिकों को केवल आजीविका से नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और स्पॉन्सर्ड स्कीम्स से जोड़ते हुए उनके पुनर्वासन की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री ने श्रमिक अड्डों को मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जहां डोरमेट्री, शौचालय, पेयजल, कैंटीन और ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की स्किल मैपिंग करा कर न्यूनतम मानदेय की गारंटी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।