अक्टूबर 15, 2024 10:11 पूर्वाह्न

printer

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में हुई हिंसा की घटना को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में हुई हिंसा की घटना को लेकर कल लखनऊ में एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। बहराइच के हरदी क्षेत्र में एक दिन पूर्व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई झड़प में एक युवक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गयी थी जो अब नियंत्रण में है। अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार, एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने कल बहराइच पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।

बहराइच में हुई घटना के बाद पुलिस ने 30 लोगों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही हरदी थाना के प्रभारी निरीक्षक समेत दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। गोलीबारी में मारे गए युवक का कल दोपहर उसके गांव रेहुआ मंसूर में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्‍कार कराया गया। घटना स्थल से 15 से 20 किलोमीटर के आसपास तक आगजनी और पथराव किया गया। स्थिति को देखते हुए जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। फिलहाल आला अधिकारी बहराइच में मौजूद रहकर स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रदेश की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और स्थिति सामान्य हो रही है। बहराइच मामले में छह लोगों और कई अज्ञात उपद्रवियों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और नफरत फैलाने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के साथ बहराइच में कैंप कर रहे हैं।