मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से देहरादून स्थित विधान सभा चौक से मोहकमपुर तक के मार्ग को ऐलिवेटेट मार्ग के रूप में परिवर्तित करने के लिए इसे वार्षिक योजना 2024-25 में सम्मिलित करने का अनुरोध किया, जिस पर करीब चार सौ बावन करोड़ रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लगभग इक्यावन किलोमीटर लंबी देहरादून रिंग रोड का निर्माण प्रस्तावित है।
आशारोडी से झाझरा तक कुल बारह किलोमीटर लम्बाई में चार लेन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि शेष कार्य का संरेखण कर मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने की कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इसके शेष कार्य की स्वीकृति के साथ ही एक हज़ार चार सौ बत्तीस करोड़ रुपए की लागत की लगभग 18 किलोमीटर ऋषिकेश बाईपास सड़क निर्माण का भी अनुरोध किया। इन प्रस्तावों पर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति दी है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को मसूरी-देहरादून के बीच बढते यातायात के दबाव की समस्या की जानकारी दी और 40 किलोमीटर लम्बे देहरादून-मसूरी मार्ग की संयोजकता को भी स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इस मार्ग के निर्माण से देहरादून व मसूरी में अतिरिक्त कनेक्टिविटी प्रदान करने में मदद मिलेगी। श्री गडकरी ने इस मार्ग के निर्माण पर भी सैद्धांतिक सहमति दी।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कैंचीधाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के कारण सड़क पर वाहनों से जाम की स्थिति बनी रहती है। वर्तमान में दो किलोमीटर के इस मार्ग का 2 लेन में चौड़ीकरण प्रस्तावित है, और इस बाई पास पर एक सुरंग का निर्माण भी किया जाना है। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर भी सैद्धान्तिक सहमति दी है।