बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पश्चिमी चंपारण जिले से प्रगति यात्रा शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री एक सप्ताह तक चलने वाली इस यात्रा में छह जिलों का दौरा करेंगे। सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के घर-घर जाकर उनकी प्रतिक्रिया लेना है। यह यात्रा वाल्मीकि नगर के घोठवा गांव से शुरू की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पश्चिमी चंपारण जिले के लिए 780 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। वे जिले में मनरेगा के अंतर्गत किए गए कार्यों, थारू जनजातियों तथा जीविका दीदी स्वयं सहायता समूह के लिए किए गए विकास कार्यों और परियोजना का भी जायजा लेंगे।
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया जानेंगे और बिहार सरकार के विकास कार्यों की जानकारी भी देंगे।
मुख्यमंत्री कल पूर्वी चंपारण जिले का दौरा करेंगे और 26 दिसंबर को शिवहर तथा सीतामढ़ी जिले में प्रगति यात्रा निकालेंगे। श्री नीतीश कुमार 27 दिसंबर को मुजफ्फरपुर जाएंगे और 28 दिसंबर को दौरे के पहले चरण के अंतिम दिन वैशाली जिले का दौरा करेंगे।
विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने श्री कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रगति यात्रा जनता के समय की बर्बादी है।