चमोली जिले के माणा गांव के निकट हुए हिमस्खलन हादसे में लापता श्रमवीरों की तलाश के लिए चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन कल समाप्त हो गया है। तीसरे दिन बचाव दल ने लापता चार श्रमिकों के शव बरामद किए। इस घटना में कुल 8 लोगों की जान चली गई। हिमस्खलन में फंसे 46 श्रमिकों को सुरक्षित बचा लिया गया और उनका इलाज किया जा रहा है। इस घटना से कुल मिलाकर 54 श्रमिक प्रभावित हुए थे।
इस बीच, मुख्यमंत्री ने हिमस्खलन की घटनाओं में कम नुकसान के लिए हिमस्खलन निगरानी तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए हैं। रेस्क्यू अभियान पूरा होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन में भारतीय सेना, आईटीबीपी, सीमा सड़क संगठन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों की चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सरकार पूरी तरह प्रभावितों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता दी जाएगी और मृतक श्रम वीरों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।