महाराष्ट्र के 29 नगर निगम के चुनावों के लिए प्रचार आज समाप्त हो गया। भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन ठाकरे गठबंधन की चुनौती के बीच बृहन्मुंबई नगर निगम पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
893 वार्डों की 2 हजार 869 सीटों के लिए मतदान 15 जनवरी को सुबह 07:30 से शाम 5:30 तक होगा। 3 करोड़ 48 लाख से अधिक मतदाता 15 हजार 931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतगणना 16 जनवरी को होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ राज्य भर में प्रचार करते हुए सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का नेतृत्व किया। ये चुनाव 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहला बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव हैं।
महायुति और शिवसेना उद्धव ठाकरे तथा महाराष्ट्र नव निर्माण सेना दोनों के घोषणापत्रों में महिलाओं के लिए लोकलुभावन वादे प्रमुखता से शामिल थे। दूसरी ओर, कांग्रेस के घोषणापत्र में मुंबई में प्रदूषण से निपटने, बीईएसटी बेड़े में सुधार और शहर की आर्थिक स्थिति को सुधारने पर जोर दिया गया है।
छह साल से अधिक के अंतराल के बाद चुनाव हो रहे हैं, जिसमें मुंबई महानगर क्षेत्र के प्रमुख नगर निकायों और पुणे, नागपुर, नासिक, ठाणे, सोलापुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे शहरों में मतदान हो रहा है। राज्य चुनाव आयोग ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण ढंग से और बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है।