अगस्त 20, 2024 8:56 अपराह्न

printer

मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की   

 

मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम ने आज नई दिल्‍ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। यह मलेशिया के प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री इब्राहिम का स्‍वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र, सांस्‍कृतिक विविधता, बहुलवाद और परस्‍पर सम्मान की भावना भारत और मलेशिया के संबंधों का आधार रही हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों पक्षों ने अपनी साझेदारी को व्यापक और प्रगाढ बनाने के लिए विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग करने का फैसला लिया है और इसके एक रोडमैप पर काम कर रहे हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत, मलेशिया को ‘ग्लोबल साउथ’ में एक मजबूत भागीदार के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि मलेशिया आसियान में भारत का प्रमुख भागीदार है और हमारी एक्ट ईस्ट  और हिन्‍द-प्रशांत क्षेत्र से जुडी नीति में काफी महत्‍व रखता है। 

2025 में मलेशिया को आसियान का अध्यक्ष बनने के लिए शुभकामनाएं देते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत मलेशिया के साथ काम करना जारी रखेगा और उसे शांतिपूर्ण और  समृद्ध हिन्‍द-प्रशांत क्षेत्र के साझा उद्देश्यों की प्राप्ति में पूरा सहयोग देगा।