मध्य और पूर्वी यूरोप में बोरिस तूफान के कारण मूसलाधार वर्षा तबाही मचा रही है। पोलैंड से लेकर रोमानिया तक की नदियां उफान पर हैं। चेक गणराज्य के कुछ हिस्से और पोलैंड तीन दशक में सबसे भयानक बाढ़ का सामना कर रहे है।
चेक गणराज्य में तेज हवा और बारिश के कारण दो लाख 50 हजार मकानों में बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बाढ़ के कारण लोग विस्थापित हो रहे हैं और देश के उत्तरी इलाकों में 51 हजार परिवार बिना बिजली के हैं।
रोमानिया में कल बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई। पोलैंड में आज एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक हजार छह सौ लोगों को विस्थापित किया गया है।
स्थानीय जल प्रबंधन अधिकारियों ने कहा है कि मंगलवार से बाढ़ की स्थिति बहुत खराब होगी, जो कई दिनों तक चलेगी। रोमानिया में कल भी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी गई है।