लोकसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता अपनी पार्टी के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते सार्वजनिक बैठकें और रोड शो कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मेगा रोड शो किया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। छह किलोमीटर लम्बे इस रोड शो में बडी संख्या में लोग शामिल हुए। श्री मोदी ने पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वे वाराणसी लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं। श्री मोदी कल वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इससे पहले उन्होंने बिहार में कई रैलियां कीं। श्री मोदी ने हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और सारण में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने राज्य की जनता से देश के विकास के लिए मतदान करने का आह्वान किया। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस कभी भी लोगों के कल्याण के लिए काम नहीं करेंगे, क्योंकि वे अगली पीढ़ी के लिए संपत्ति जुटाने में व्यस्त हैं। श्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार में देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है तथा रोजगार के और अवसरों का सृजन हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर, राजनीति में तुष्टिकरण को सबसे बडा हथियार बनाने का आरोप लगाया।
इससे पहले, श्री मोदी ने पटना सिटी में तख्त श्री हरिमंदिरजी पटना साहिब का दौरा किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने वायदा किया कि यदि केन्द्र में कांग्रेस और आई.एन.डी.आई गठबंधन की सरकार बनी तो वे सबसे पहले गरीब किसानों के ऋण माफ करेगी।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी में जनसभा की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के धुले में रैली की। उन्होंने कहा कि अगर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार फिर सत्ता में आई तो देश, विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दस वर्ष के शासन में भारतीय अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी और एनडीए सरकार ने इसे पांचवें स्थान पर पहुंचाया है।