जनजातीय गौरव वर्ष समारोह के अंतर्गत कल मणिपुर की राजधानी इंफाल में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय फिल्म महोत्सव और कार्निवल का शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव में नौ राज्यों की 23 जनजातीय फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं और सिनेमा तथा संस्कृति के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय विरासत का जश्न मनाया जा रहा है। जनजातीय गौरव वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का एक वर्ष तक चलने वाला स्मरणोत्सव है।
मणिपुर के अपर मुख्य सचिव अनुराग वाजपेयी ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य देश भर के जनजातीय समुदायों के सिनेमा, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना और उत्सव मनाना है। यह महोत्सव इस महीने की 15 तारीख तक सिटी कन्वेंशन सेंटर और मणिपुर राज्य फिल्म विकास सोसायटी-एमएसएफडीएस परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छह पूर्वोत्तर राज्यों की फीचर फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं।