दिसम्बर 8, 2024 8:14 पूर्वाह्न

printer

भारत वर्ष 2047 तक विश्‍व के शीर्ष दस समुद्रतटीय बंदरगाह गतिविधियों वाले देशों में शामिल हो जाएगा: केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल

केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत वर्ष 2047 तक विश्‍व के शीर्ष दस समुद्रतटीय बंदरगाह गतिविधियों वाले देशों में शामिल हो जाएगा। उन्‍होंने कहा कि भारत बंदरगाहों में माल ढुलाई के लिए कार्गो प्रबंधन क्षमता तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहाज निर्माण और मरम्‍मत के लिए देश में पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाया जा रहा है।

 

श्री सोनोवाल कल चेन्‍नई में कामराजार पोर्ट ट्रस्‍ट के रजत जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कामराजार बंदरगाह पर 545 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले कैपिटल ड्रेजिंग, एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र की आधारशिला भी रखी।

 

श्री सोनोवाल ने कहा कि कामराजार बंदरगाह ने विस्तार संभावनाओं के साथ कुशलतापूर्वक कोयला प्रबंधन को बढ़ावा देते हुए चेन्नई बंदरगाह को सुगम्‍य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंत्रालय की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के समय पर क्रियान्वयन से प्रमुख कार्यक्रम तेजी से पूरे किये जा रहे हैं। श्री सोनोवाल दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के 83वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल हुए।