भारत में उरुग्वे के राजदूत अल्बर्टो एंटोनियो गुआनी अमरिला ने कहा है कि ग्रीनलैंड पर नियंत्रण पाने की अमरीका की कोशिश से उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन- नाटो, यूरोपीय संघ और और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में गंभीर समस्याएँ पैदा हो सकती हैं।
मीडिया से बात करते हुए श्री अमरिला ने कहा कि विभिन्न देशों में प्रभाव डालने की अमरीका की आकांक्षाएं विश्व व्यवस्था को बदल सकती हैं। 75 देशों के लिए नए अप्रवासी वीजा पर रोक लगाने के अमरीकी फैसले पर उन्होंने कहा कि उरुग्वे इस निर्णय से सहमत नहीं है, क्योंकि वह लोगों की स्वतंत्र आवाजाही में विश्वास रखता है। श्री अमरिला ने ईरान की स्थिति को भी चिंताजनक बताया और इस मुद्दे के समाधान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उरुग्वे राजनीतिक मुद्दों को सुलझाने के लिए हिंसा का समर्थन नहीं करता है।