मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जुलाई 1, 2024 8:34 अपराह्न

printer

भारत-पाकिस्तान ने परस्पर हिरासत में नागरिक, कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया

 

 

    भारत और पाकिस्तान ने आज राजनयिक माध्यम से एक-दूसरे की हिरासत में नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने पाकिस्‍तान के 366 नागरिक कैदियों और 86 मछुआरों के नाम साझा किए हैं। पाकिस्तान ने भारत के 43 नागरिक कैदियों और 211 मछुआरों के नाम साझा किए हैं। वर्ष 2008 के द्विपक्षीय समझौते के प्रावधानों के अंतर्गत प्रत्‍येक वर्ष पहली जनवरी और पहली जुलाई को इन सूचियों का आदान-प्रदान किया जाता है।

 

 

    भारत ने पाकिस्तान की हिरासत से नागरिक कैदियों, मछुआरों और उनकी नौकाओं तथा लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी का आह्वान किया है। पाकिस्तान से सजा पूरी कर चुके 185 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई और स्वदेश वापसी में तेजी लाने को कहा गया है। पाकिस्‍तान से सभी भारतीय नागरिक कैदियों और मछुआरों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

 

    विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत एक-दूसरे के देश में कैदियों और मछुआरों से संबंधित मामलों सहित सभी मानवीय मामलों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत ने पाकिस्तान से भारत की हिरासत में मौजूद 75 पाकिस्तानी नागरिक कैदियों और मछुआरों की राष्ट्रीयता सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है। इन कैदियों की स्वदेश वापसी पाकिस्तान से राष्ट्रीयता की पुष्टि के अभाव में लंबित है।

 

    सरकार के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, वर्ष 2014 से दो हजार 639 भारतीय मछुआरों और 71 भारतीय नागरिक कैदियों को पाकिस्तान से वापस लाया गया है।