केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने कहा है कि भारत, न केवल जल संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि इस क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन कर रहा है। उन्होंने दावोस में विश्व आर्थिक मंच में भारतीय मंडप में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बडे पैमाने पर प्रयासों के माध्यम से राष्ट्र, जल संसाधनों को मजबूत कर रहा है। इसके अलावा, सतत जल प्रबंधन के लिए वैश्विक मानक भी तय किये जा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और सामूहिक कार्रवाई को मजबूत करने पर बल देते हुए श्री पाटिल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, जनसंख्या और अत्यधिक प्रयोग के कारण जल संकट बढ रहा है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक चुनौती है।
श्री पाटिल ने कहा कि पिछले वर्षों में भारत में सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय प्रगति की है।