नवम्बर 10, 2025 8:37 अपराह्न

printer

भारत जैव प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित अगली औद्योगिक क्रांति में प्रवेश कर चुका :विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत जैव प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित अगली औद्योगिक क्रांति में प्रवेश कर चुका है। यह चौथी औद्योगिक क्रांति में राष्ट्र के विकास का एक प्रमुख चालक बन गया है। डॉ सिंह ने नई दिल्ली में दूसरे जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान और नवाचार परिषद (ब्रिक) के स्थापना दिवस के अवसर पर यह बात कहीं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रयोगशाला अनुसंधान से आगे बढ़कर स्वास्थ्य सेवा, कृषि और उद्योग में वास्तविक समाधान प्रदान करने लगा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकारी और निजी क्षेत्र दोनों के प्रयासों से जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक वैश्विक प्रमुख के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि भारत उन गिने-चुने देशों में से एक है जिनके पास एक विशिष्ट समर्पित जैव प्रौद्योगिकी नीति बॉयोंई है। डॉ. सिंह ने कहा कि देश जैव प्रौद्योगिकी गलियारे के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। यह वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति के एक नए युग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की जैव अर्थव्यवस्था 10 अरब डॉलर से बढ़कर 130 अरब डॉलर से अधिक हो गई है और आने वाले वर्षों में इसके 300 अरब डॉलर तक पहुँचने का अनुमान है।