उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अगले दो दशक बेहद महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका होगी। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, जैविक खेती, आयुष, पर्यटन, स्टार्टअप और कौशल विकास के क्षेत्र में राज्य की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उपराष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
उपराष्ट्रपति ने आज देहरादून में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया से सकारात्मक और विकासोन्मुखी पहलों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, जिससे युवाओं में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होगी।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने पिछले एक दशक में सड़क, रेल, हवाई और संचार संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। चीन और नेपाल से सटी सीमाओं के कारण राज्य के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव राष्ट्र की सुरक्षा और मजबूती की पहली पंक्ति हैं। प्रधानमंत्री द्वारा माणा गांव को भारत का पहला गांव बताए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देने वाला दूरदर्शी दृष्टिकोण बताया।