मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जुलाई 26, 2025 8:46 पूर्वाह्न

printer

भारत और मॉलदीव के बीच छह समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

भारत और मॉलदीव के बीच कल छह समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें मत्स्य-पालन और जल-कृषि, मौसम विज्ञान, डिजिटल ढांचे, यूपीआई, भारतीय औषध-कोश और ऋण सहायता शामिल हैं। भारत ने मालदीव में बुनियादी ढांचा विकास और अन्य कार्यों के लिए 4850 करोड़ रुपये की नई ऋण सहायता की घोषणा की। दोनों देशों के बीच एक संशोधन समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए, जिसके बाद मॉलदीव पर वार्षिक ऋण 5 करोड़ 10 लाख डॉलर से 40 प्रतिशत घटकर महज 2 करोड़ 90 लाख डॉलर रह गया है। 
 
 
 
दोनों पक्षों ने मुक्त व्यापार समझौते की शुरुआत करने के लिए बातचीत शुरू करने की भी घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू ने रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर ज़ोर दिया। 
 
 
 
प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में भारत के प्रति एकजुटता के लिए राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू को धन्यवाद दिया।
 
 
 
एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मॉलदीव अपने राजनयिक संबंधों के साठ वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को इतिहास से भी पुराना और समुद्र जितना गहरा बताया। श्री मोदी ने मॉलदीव की रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने में भारत के निरंतर सहयोग का भी आश्वासन दिया। 
 
 
 
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन में दोनों देश क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खासकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए, दोनों देशों को डिजिटल अर्थव्यवस्था का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने यूपीआई अपनाने, रु-पे कार्ड की स्वीकृति और स्थानीय मुद्राओं में व्यापार पर हाल ही में हुई सहमति का स्वागत किया।
 
 
 
मॉलदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने ऋण सहायता के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऋण सहायता का उपयोग रक्षा, बंदरगाह, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आवास सहित अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा।
 
 
 
राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में मॉलदीव का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉलदीव, भारत के साथ सहयोग को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
 
 
प्रधानमंत्री मोदी और मॉलदीव के राष्ट्रपति ने संयुक्त रूप से भारत की वित्तीय सहायता से निर्मित मॉलदीव सरकार के रक्षा मंत्रालय के नए भवन का उद्घाटन किया। दोनों नेताओं ने अड्डू शहर में एक सड़क और जल निकासी प्रणाली परियोजना और अन्य शहरों में छह उच्च प्रभाव वाली सामुदायिक विकास परियोजनाओं का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मॉलदीव के राष्ट्रीय रक्षा बल और आव्रजन अधिकारियों के लिए तीन हजार तीन सौ सामाजिक आवास इकाइयाँ और 72 वाहन सौंपे।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला