भारत और पुर्तगाल ने लिस्बन में भारत-पुर्तगाल विदेश कार्यालय परामर्श में व्यापार और आर्थिक सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले सोमवार को हुई चर्चाओं में रक्षा और सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यटन तथा शिक्षा के क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने बातचीत के द्विपक्षीय समझौतों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और इन समझौतों को शीघ्रता से पूरा करने के लिए इन चर्चाओं में तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की।
दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों पर चर्चा करते हुए साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र सहित बहुपक्षीय मंचों पर मौजूदा घनिष्ठ सहयोग को जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की पश्चिमी मामलों की सचिव सिबी जॉर्ज और पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय की विदेश नीति महानिदेशक हेलेना मालकाटा ने की।
भारत और पुर्तगाल के बीच घनिष्ठ ऐतिहासिक संबंध हैं। ये संबंध दूरदर्शी बहुआयामी और आपसी रूप से लाभकारी साझेदारी के रूप में विकसित हो रहे हैं। दोनों देश इस वर्ष राजनयिक संबंधों की पुनः स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं।