भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर चौथे दौर की वार्ता पूरी हो गई है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि वार्ता वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, आर्थिक सहयोग तथा उत्पत्ति के नियमों जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित थी। दोनों पक्षों ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और एक मज़बूत, आधुनिक तथा संतुलित व्यापार साझेदारी के साझा लक्ष्य को दर्शाती है।
मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने अब तक हुई प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत करने और दोनों देशों के व्यवसायों के लिए बेहतर बाज़ार पहुँच प्रदान करने में सहायता करेगा।
मंत्रालय ने बताया कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार से कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, औषधि, शिक्षा और सेवाओं जैसे क्षेत्रों में नए अवसर मिलने की संभावना है। दोनों देश और अधिक बैठकों तथा तकनीकी कार्यों के माध्यम से इस गति को बनाए रखने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों के लाभ के लिए मुक्त व्यापार समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।