आज राष्ट्रीय समुद्र दिवस है। समुद्री क्षेत्र में रक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था से जुडे़ उद्योगों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों के सम्मान में प्रति वर्ष पांच अप्रैल को यह दिवस मनाया जाता है। भारत इस वर्ष 62वां राष्ट्रीय समुद्री दिवस मना रहा है। इस दिवस के एक हिस्से के रूप में मनाए जा रहे, मर्चेंट नेवी सप्ताह का भी आज समापन होगा।
समुद्री उद्योग के महत्व को दर्शाने के लिए गुजरात के अहमदाबाद के निकट लोथल में पहला राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर विकसित किया जा रहा है। यह परिसर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरासत भी-विकास भी के दृष्टिकोण के अनुरूप तैयार हो रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि परियोजना का पहला चरण इस वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। इस चरण में छह नियोजित संग्रहालय दीर्घाएं शामिल हैं।
गुजरात में कच्छ की खाड़ी में स्थित कांडला में दीन दयाल बंदरगाह ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 15 करोड़ मीट्रिक टन माल की ढुलाई करके एक नया रिकार्ड बनाया है। राष्ट्रीय समुद्री दिवस और मर्चेंट नेवी सप्ताह के उपलक्ष्य में कांडला बंदरगाह पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में कांडला बंदरगाह के संयुक्त निदेशक संतोष कुमार दरोकार ने कहा क्रेन्दीय जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के तत्वावधान में कांडला बंदरगाह पर कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
इससे पहले, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को एक लघु राष्ट्रीय समुद्री दिवस ध्वज भेंट किया गया। यह ध्वज राष्ट्र के लिए समुद्री उद्योग के योगदान का प्रतीक है।
भारत का समुद्री क्षेत्र भारत के व्यापार का आधार है। मात्रा के अनुसार समुद्री क्षेत्र का देश के व्यापार में लगभग 95 प्रतिशत और मूल्य के अनुसार 70 प्रतिशत योगदान है। भारत ने 7 हजार 500 किलोमीटर से अधिक की तटरेखा और 12 प्रमुख बंदरगाहों के साथ भारत दुनिया का 16वां सबसे बड़ा समुद्री राष्ट्र है।