इस वर्ष का भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, भारत की परंपराओं का उत्सव मनाने वाली रंगारंग सांस्कृतिक परेड के साथ शुरू होगा। यह महोत्स्व गोआ की राजधानी पणजी में 20 से 28 नवंबर तक चलेगा। इसमें 80 से अधिक देशों के अतिथि और फिल्म निर्माता शामिल होंगे। महोत्सव में भारत और विदेशों की 270 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। सबसे पहले ब्राजील की फिल्म द ब्लू ट्रेल का प्रदर्शन होगा। दिग्गज फिल्म कलाकारों – गुरु दत्त, राज खोसला, भानुमति, भुवन, ऋत्विक और रजनीकांत तथा बालकृष्ण को भारतीय सिनेमा में 50 वर्ष पूरे करने के लिए सम्मानित किया जाएगा।
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने 56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव पर संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इसमें वेव्स फिल्म बाजार और युवा रचनाकारों, महिला निर्देशकों और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-संचालित फिल्म निर्माण में नए प्रयोगों को सहयोग देने के लिए विशेष मंच भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि फिल्मोत्सव गोवा के पाँच मुख्य स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव का विषय रचनात्मकता और प्रौद्योगिकी का संगम है। 17 प्रविष्टियों में से चुनी गई गोआ की दो फ़िल्में – क्लाउडिया और पायलट प्रदर्शित की जाएँगी। महोत्सव की शुरुआत 20 नवंबर को फिल्मोत्सव फ्लोट परेड के साथ होगी। इसमें गोआ के सांस्कृतिक समूह शामिल होंगे। समारोह में प्रतिनिधियों के लिए निःशुल्क परिवहन, जनसम्पर्क स्टॉल और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की योजना है।