भारतीय जनता पार्टी ने आरक्षण समाप्त करने और संविधान बदलने के बारे में झूठ फैलाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की है। भाजपा सांसद ब्रिजलाल ने आज नई दिल्ली में संवददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और एक विशेष समुदाय को लुभाने के लिए धार्मिक आधार पर आरक्षण बढा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का उल्लेख नहीं है, लेकिन कांग्रेस हमेशा से संविधान के मूल्यों के विरूद्ध रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में एक विशेष धर्म के लोगों को अन्य पिछडा वर्ग की श्रेणी में आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान ही संविधान में सर्वाधिक संशोधन और बदलाव हुए।
इस बीच कांग्रेस ने फिर कहा है कि भाजपा संविधान में बदलाव करेगी और आरक्षण समाप्त कर देगी। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सत्तारूढ पार्टी लोकसभा चुनाव के दो चरणों के बाद बैकफुट पर आ गई है और कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा नेताओं ने हाल में संविधान बदलने की बात कही है जो भाजपा की सोच को दर्शाती है। उन्होंने भाजपा से यह स्पष्ट करने को कहा कि वह जाति आधारित जनगणना के पक्ष में है या नहीं।