मई 14, 2024 10:39 पूर्वाह्न

printer

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी का निधन, राष्ट्रपति समेत वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक

बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता सुशील मोदी का कल रात नई दिल्‍ली के एम्स में कैंसर के कारण निधन हो गया। राष्‍ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनका आकस्मिक निधन अपूरणीय क्षति है। उन्‍होंने कहा कि बिहार के उप-मुख्यमंत्री, सांसद और राज्य विधानमंडल के सदस्य के रूप में उन्‍होंने उच्च आदर्श स्थापित किये।

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उनका निधन देश के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में अपूर्णीय क्षति है। श्री धनखड़ ने कहा कि एक सांसद और बिहार के उप-मुख्यमंत्री के रूप में श्री मोदी का राजनीतिक मर्यादा में गहरा विश्वास था। उन्‍होंने हमेशा शालीनता और शिष्टाचार के उदाहरण प्रस्तुत किये।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि उनका सौम्य स्वभाव, कुशल प्रशासक के रूप में उनका योगदान और सार्वजनिक जीवन में सत्‍यनिष्‍ठा उनके व्यक्तित्व में झलकती थी। श्री मोदी ने कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी के उत्थान और सफलता में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा कि बिहार ने एक महान राजनेता हमेशा के लिए खो दिया है। श्री शाह ने कहा कि उनकी राजनीति गरीबों तथा वंचित वर्गों के लिए समर्पित थी। उन्‍होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में संपूर्ण भाजपा परिवार उनके परिवार के साथ खड़ा है।