भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पंजाब नेशनल बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में हुई है। 65 वर्षीय चोकसी को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के अनुरोध और मुंबई की एक अदालत के दो गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब नेशनल बैंक में साढे 13 हजार करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामलें में चोकसी आरोपी है। वह अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के शहर अंतरीप में रह रहा था। इसी मामले में सह-आरोपी और चोकसी के भतीजे नीरव मोदी का भी लंदन से प्रत्यर्पण संभावित है। ये दोनों पंजाब नेशनल बैंक घोटाले की जानकारी सामने आने से कुछ सप्ताह पहले, जनवरी 2018 में भारत से फरार हो गए थे।
मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा है कि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि गरीबों का पैसा हडपने वालों को धन वापस करना होगा।