मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

नवम्बर 21, 2024 1:33 अपराह्न

printer

भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण पाथेय न्यास का किया जाएगा गठन

प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियिम 1951 के अंतर्गत “श्रीकृष्ण पाथेय न्यास“ का गठन किया जाएगा। न्यास का मुख्यालय भोपाल होगा। इसके लिए 6 पद सृजित किए  जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कल भोपाल स्थत मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

 

 

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित क्षेत्रों का साहित्यिक व सांस्कृतिक संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा। न्यास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों और संरचनाओं का प्रबंधन, सांदिपनि गुरुकुल की स्थापना के लिए परामर्श, सुझाव, श्रीकृष्ण पाथेय के स्थानों का सामाजिक, आर्थिक तथा पर्यटन की दृष्टि से विकास, पुस्तकालय, संग्रहालय की स्थापना आदि गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जा सकेगा।

 

 

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित न्यास में कुल 28 सदस्य होंगे। इसमे 23 पदेन न्यासी सदस्य तथा 5 ख्याति प्राप्त विद्वत सदस्य, अशासकीय न्यासी सदस्य के रूप में नामांकित होंगे। अशासकीय न्यासी सदस्यों का कार्यकाल अधिकतम 3 वर्ष होगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की अवधारणा के अनुरुप शिक्षा, संस्कृति, कृषि, गौ एवं पशुधन संवर्धन की विरासत का विकास किया जाएगा।

 

 

मध्यप्रदेश की सीमा में आने वाले श्रीकृष्ण पाथेय के चिन्हांकित स्थलों के अवलोकन, पुरान्वेषण तथा धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, इतिहास आदि की दृष्टि से रचनात्मक विकास हेतु परामर्श, सुझाव एवं आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जाएगी।

        

 

मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड, भोपाल द्वारा 27 जनवरी, 2022 को घोषित परीक्षा परिणाम के आधार पर स्टॉफ नर्स के पद पर चयनित 209 अभ्यार्थियों को विभाग के अधीन संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति दिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

 

इसके साथ ही उज्जैन मे 127 करोड़, 63 लाख रुपए की लागत की इंगोरिया-उन्हेल के बीच करीब 24 किलोमीटर लंबी दो लेन की सड़क बनाने को भी स्वीकृति दी गई। इस सड़क का निर्माण 127 करोड़, 63 लाख रुपए की लागत से सड़क विकास निगम के माध्यम से किया जाएगा।