ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने यूक्रेन पर सफल शांति समझौते के लिए चार सूत्री योजना तैयार की है। इसमें कहा गया कि अन्य यूरोपीय सहयोगियों के साथ ब्रिटेन “यूक्रेन की धरती पर जवानों और लड़ाकू विमानों की मौजूदगी बढ़ाते हुए” यूक्रेन की मदद करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन का समर्थन करने के लिए किसी भी नए समझौते में सैन्य मदद शामिल होनी चाहिए और प्रत्येक समर्थक राष्ट्र को जिम्मेदारी लेते हुए अपना हिस्सा बढ़ाकर सर्वोत्तम संभव तरीके से योगदान देना चाहिए।
कल लंदन शिखर सम्मेलन में स्टार्मर ने कहा कि यूरोपीय देश चार प्रमुख उपायों पर सहमत हुए हैं। पहला, युद्ध जारी रहने तक यूक्रेन को सैन्य सहायता जारी रखनी चाहिए और रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाना चाहिए। दूसरा, किसी भी स्थायी शांति के लिए यूक्रेन की संप्रभुता और सुरक्षा की गारंटी होनी चाहिए, साथ ही यूक्रेन को सभी शांति वार्ताओं में शामिल किया जाना चाहिए। तीसरा, शांति समझौते की स्थिति में, यूरोपीय देश भविष्य में यूक्रेन पर किसी भी रूसी आक्रमण को रोकने के लिए काम करेंगे। चौथा, यूक्रेन की रक्षा करने और क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए “इच्छुक देशों का गठबंधन” बनाया जाएगा। स्टार्मर ने एक सौदे की भी घोषणा की जिसके तहत यूक्रेन को पांच हजार से अधिक वायु रक्षा मिसाइलों की खरीद के लिए एक्सपोर्ट फिनांस के तहत लगभग 2 अरब डॉलर की मदद मिल सकती है।
लंदन शिखर सम्मेलन में तुर्किये के विदेश मंत्री, नाटो महासचिव और यूरोपीय आयोग तथा यूरोपीय परिषद के अध्यक्षों ने भाग लिया।