बिहार में गंगा, गंडक, सोन, कोसी, महानंदा और बागमती सहित प्रमुख नदियों के उफान पर होने के कारण राज्य के 10 जिलों के 19 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, वैशाली, भोजपुर, खगड़िया और पटना जिले बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं।
राज्य की अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बड़ी संख्या में विस्थापित लोगों को ऊंचे स्थानों और राजमार्गों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। भागलपुर में ही साढ़े चार लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गंगा के बढ़ते जलस्तर ने भागलपुर शहर के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया है।
बेगूसराय ज़िले में गंगा नदी के उफान पर होने से साढ़े तीन लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। पटना ज़िले में गंगा और उसकी सहायक नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण आई बाढ़ से लगभग डेढ़ लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश से पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। शहर के बड़े इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति है। मुंगेर ज़िले में सदर प्रखंड के निचले इलाके और गंगा किनारे बसे कई गाँव बाढ़ की चपेट में हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने कल भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।