बिहार में नदियों के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के कारण नालंदा, जहानाबाद और गया ज़िलों के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यह स्थिति प्रदेश के फाल्गु, लोकायिन, मुहाने और अन्य मौसमी नदियों में पानी बढ़ने तथा झारखंड से फाल्गु नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से उत्पन्न हुई है। जल संसाधन विभाग ने हाई अलर्ट घोषित किया है। नालंदा, जहानाबाद और गया में कई घर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और बड़े पैमाने पर फसलें भी नष्ट हो गई हैं। ख़बरों के अनुसार, नौ स्थानों पर तटबंध को क्षति पहुंची है।
नालंदा ज़िले से गुजरने वाली लोकायिन नदी में उफान के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। नालंदा के एकंगरसराय और हिलसा प्रखंडों में बाढ़ का पानी लगभग 12 गाँवों में फैल गया है, जिससे लोगों को छतों और आस-पास के ऊँचे स्थानों पर शरण लेने के लिए बाध्य होना पड़ा है। नालंदा का जहानाबाद से सीधा संपर्क टूट गया है और यातायात भी बाधित है।जहानाबाद जिले के हुलासगंज और घोसी प्रखंड के कई इलाके भी बाढ़ग्रस्त हैं।
गया जिले में फाल्गु, मुहाने और अन्य मौसमी नदियों का बाढ़ का पानी बोधगया के कई गाँवों में फैल गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।