पूरा प्रदेश एक बार फिर कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। आज सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। राजधानी पटना समेत कई स्थानों से हल्की बूंदाबांदी के भी समाचार हैं। अत्यधिक ठंड से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। रेल, सड़क और हवाई यातायात भी प्रभावित हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान तेजस, राजधानी और संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस सहित ग्यारह रेलगाड़ियां विलम्ब से पटना पहुंची। वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट से सभी बारह उड़ाने रद्द रहीं।
मौसम विज्ञान केन्द्र पटना के वैज्ञानिक ने बताया कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में और गिरावट आयेगी। इधर, पिछले चौबीस घंटो के दौरान नौ दशमलव दो डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ डेहरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन ने सभी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में आठवीं वर्ग तक की कक्षाओं में पठन-पाठन सत्रह जनवरी तक स्थगित कर दिया है। वहीं, खगड़िया और सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने शैक्षणिक गतिविधियों पर लगाए गए प्रतिबंध को सोलह जनवरी तक बढ़ा दिया है।