गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर में कमी आने के बाद बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर पटना के दीघा घाट और गांधी घाट में खतरे के निशान से नीचे आ गया है। नदी अभी भी हाथीदह में लाल निशान से ऊपर बनी हुयी है। हालांकि नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट की प्रवृत्ति देखी जा रही है। पटना से हमारे संवाददाता ने बताया कि गंगा नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद बाढ़ के कारण पलायन किये लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। पटना जिला प्रशासन ने नौ राहत शिविरों को बंद कर दिया है। मोकामा और दानापुर में अभी पांच राहत शिविर चल रहे हैं। इन शिविरों के आज शाम तक बंद होने की संभावना है। इधर, दियारा क्षेत्र के बंद किये गए 76 विद्यालयों में सोमवार से पठन-पाठन की व्यवस्था फिर से शुरू हो जाएगी।