मार्च 22, 2024 1:53 अपराह्न

printer

बिहार आज अपना 112वां स्‍थापना दिवस मना रहा है

बिहार आज अपना 112वां स्‍थापना दिवस मना रहा है। आज ही के दिन 1912 में बंगाल से अलग करके बिहार राज्य का गठन किया गया था। राष्‍ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बिहार के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को बधाई दी है। सोशल मीडिया के एक पोस्ट में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बिहार भारतीय संस्कृति और शिक्षा का ऐतिहासिक केन्द्र रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपनी दृढ़ता, कर्तव्‍यपरायणता और बलिदान के लिए जाने जाते हैं। बिहार के लोगों ने देश और विदेश में अपनी विशेषताओं के कारण अपनी जगह बनाई है। राष्‍ट्रपति ने बिहार का सदा प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहने की कामना की।

उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि हमें आत्मज्ञान की भूमि बिहार के महत्वपूर्ण योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना चाहिए। बिहार ने भारत के इतिहास को आकार देकर इसे भारत की नियति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री धनखड़ ने आशा व्‍यक्‍त की कि आने वाले समय में यह राज्‍य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार अपनी सांस्‍कृतिक विरासत और विशालता के लिए विश्व में अलग पहचान रखता है। बिहार विकास के नये युग में तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी ने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि राज्‍य के कठिन परिश्रमी और प्रतिभाशाली लोग भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान करने जा रहे हैं।