बिलासपुर अपर सत्र न्यायालय ने अपने परिवार के चार लोगों की हत्या के दोषी को फांसी की सजा सुनाई है। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिर्री गांव के रहने वाले उमेंद केंवट पर आरोप है कि उसने बीती एक जनवरी को अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। न्यायाधीश अविनाश त्रिपाठी ने आज आरोपी को फांसी की सजा सुनाई।
न्यायालय ने अपने फैसले में कहा है कि आरोपी का यह कृत्य बर्बरता की पराकाष्ठा है। अपर सत्र न्यायालय द्वारा दिया गया मृत्युदंड तब तक निष्पादित नहीं होगा, जब तक इसकी पुष्टि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा नहीं कर दी जाएगी।