बाढ़ प्रभावित सिक्किम में राहत, बचाव और मरम्मत का कार्य जोरों पर है। बाढ से मंगन जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री पिंट्सो नामग्याल लेप्चा ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले के झूसिंग और रालक वार्ड का दौरा किया। करीब दस घरों को स्थाई रूप से सुरक्षा के चलते स्थानांतरित किया गया है।
रविवार को राज्य के पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री शेरिंग थेंडूप भूटिया की देखरेख में हवाई और सडक मार्गों से लाचुंग और चुंगथांग में फंसे पर्यटकों को निकालने का प्रयास किया गया। इनमें दो हजार पर्यटक शामिल थे, जिनमें 15 विदेशी पर्यटक हैं। हालांकि खराब मौसम और भूस्खलन के कारण बचाव कार्य नहीं हो सका।
मंगन जिले के जिलाधिकारी हेम कुमार छेत्री ने आकाशवाणी से बातचीत में बताया कि सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर होटलों में भेजा जा चुका है। खराब मौसम और भूस्खलन के कारण हवाई मार्ग से उन्हें ले जाना अभी संभव नहीं है। मौसम सामान्य होने पर सभी यात्रियों की वापसी के लिए व्यवस्था की जायेंगी।
शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के सड़क और सेतु विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।