मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य तथा अन्य व्यवस्थाओं पर सतत नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज टीकमगढ़ जिले के कलेक्टर अवधेश शर्मा से वीडियो कॉलिंग पर चर्चा कर बाढ़ आपदा में फंसे 2 प्रभावितों के रेस्क्यू कार्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले के महोबिया घाट गांव में धसान नदी के टापू पर 24 घंटे से फंसे हुए दो लोगों को बचाने के लिए पहले हेलीकॉप्टर से लिफ्ट करने के प्रयास किए गए। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम द्वारा दोनों ग्रामीणों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इसके पहले समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाढ़ और उसके बचाव के लिए जारी कार्यों की आपात बैठक की। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में 30 सितम्बर तक वर्षा की संभावना है।
अति वर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी छुट्टी पर नहीं जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों की स्थिति की समीक्षा की। वी.सी. में समस्त संभागीय आयुक्त, आईजी, कमिश्नर ऑफ पुलिस, जिला कलेक्टर, एसपी जुडें। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि जहां पर भी बाढ़ के पानी में लोग फंसे हैं उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने की तत्काल व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने गुना, दतिया, ग्वालियर, शिवपुर, राजगढ़, टीकमगढ़ के कलेक्टर से जिले में अति वर्षा और बाढ़ संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस बीच ग्वालियर जिले की डबरा तहसील के ग्राम सेंकरा व डबरा में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है।