राजधानी में चल रहे जलसंकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ आज भाजपा ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के कई सांसदों- मनोज तिवारी, हर्ष मल्होत्रा, रमेश सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेंद्र चंदोलिया और बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज किया। दिल्ली जल बोर्ड के एक दफ्तर में भी अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ की खबर सामने आई हैं। सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि वह टैंकर माफियाओं को पानी बेच रही है।
वहीं, सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा है कि सरकार की अव्यवस्था की वजह से दिल्ली के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी दिल्ली सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि अगर सरकार ने समय रहते हुए तैयारी की होती तो लोगों को आज पानी की किल्लत नहीं उठानी पड़ती।
इस बीच, दिल्ली की जलमंत्री आतिशी ने पानी की पाइपलाइनों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने दिल्ली पुलिस से पाइपलाइनों की सुरक्षा करने की अपील की है। जलमंत्री आतिशी का कहना है कि कुछ लोग रणनीति के तहत पानी की पाइपलाइन तोड़कर राजधानी में जलसंकट पैदा कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली जलबोर्ड के दफ्तर में तोड़फोड़ की घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है।