हिमाचल सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों के लिए बनाई गई स्व प्रमाणीकरण प्रणाली ‘सितारा’ को देश विदेश के कृषि विशेषज्ञों द्वारा सराहा जा रहा है। आज फ्रांस के राष्ट्रीय कृषि, खाद्य एवं पर्यावरण अनुसंधान संस्थान (INRAE) की एक प्रतिनिधि प्रोफेसर एलिसन लोकंटो ने इस प्रमाणीकरण प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृषि निदेशालय में प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की राज्य परियोजना कार्यान्वयन इकाई का दौरा किया। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत तैयार की गई इस प्रणाली के जरिए किसानों का निशुल्क प्रमाणीकरण किया जा रहा है। इस दौरान योजना की राज्य परियोजना कार्यान्वयन इकाई के अधिकारियों ने फ्रेंच प्रतिनिधि को सितारा प्रमाणीकरण के बारे में पूर्ण जानकारी दी। राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रोफेसर एलिसन ने कहा कि भविष्य में फ्रांस राज्य सरकार के साथ मिलकर इस दिशा में काम कर सकता है। इससे पहले प्रोफेसर एलिसन के नेतृत्व में फ्रांसीसी वैज्ञानिकों का एक दल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मिल चुका है।
प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. रविंद्र सिंह जसरोटिया ने बताया कि अब तक राज्य में 1.92 लाख किसान योजना से जुड़ चुके हैं और इनमें से 1.43 लाख किसानों का प्रमाणीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिकता के आधार पर गेहूं और मक्की की खरीद शुरू की है और राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट अप योजना की भी शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 36000 किसानों को प्राकृतिक खेती के दायरे में लाया जाएगा।