प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान लिए गए फैसलों को आगे बढ़ाने और उन पर काम करने के लिए दक्षिण अफ्रीका की कोशिशों की प्रशंसा की।
दोनों नेताओं ने उन ऐतिहासिक रिश्तों को याद किया जो दोनों देशों के संबंधों की नींव हैं । वे वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को बुलंद करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए। उन्होंने व्यापार तथा निवेश, खाद्य सुरक्षा, कौशल विकास, खनन, युवा आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
दोनों नेताओं ने कृत्रिम मेधा, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और महत्वपूर्ण खनिजों सहित उभरते क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर भी चर्चा की। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय कंपनियों की बढ़ती उपस्थिति का स्वागत किया और विशेष रूप से अवसंरचना, प्रौद्योगिकी, नवाचार, खनन और स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र में परस्पर निवेश को और सुविधाजनक बनाने पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने चीतों को भारत स्थानांतरित करने में दक्षिण अफ्रीका के सहयोग के लिए राष्ट्रपति रामफोसा को धन्यवाद दिया और उन्हें भारत के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका के नेताओं की बैठक आयोजित करने में दक्षिण अफ्रीका की पहल की सराहना की। राष्ट्रपति रामफोसा ने अगले वर्ष भारत की आगामी ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति रामफोसा को उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य और शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।