मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

नवम्बर 18, 2024 8:13 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया में भारतीय समुदाय को संबोधित किया, कहा- देश ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक नई यात्रा शुरू की है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत अब सुविधा में जीने की स्थिति से बाहर निकल कर नवाचार को अपना रहा है और विकास के लिए नए रास्ते बना रहा है, जो उसकी शानदार पहचान बन चुके हैं। नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश ने नई यात्रा शुरु की है।

 

सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब डेढ़ लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्ट अप्‍स हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में ऐसी एक सौ से ज्यादा स्टार्ट अप कंपनियां स्थापित हुई हैं जिनका मोल एक अरब से अधिक है। इससे स्टार्ट अप संस्कृति में भारत की सफलता साबित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दशक में भारत ने सकल घरेलू उत्पाद में 2 लाख करोड़ डॉलर जोड़े। प्रधानमंत्री ने बताया कि अंतरिक्ष उद्योग में भारत ने जो प्रगति की है उसकी सराहना दुनिया कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने अब जल्दी ही भारतीयों को अपने गगनयान से अंतरिक्ष में भेजने का निर्णय लिया है। श्री मोदी ने बताया कि रक्षा क्षेत्र में भारत के निर्यात में लगभग तीस गुना वृद्धि हुई है।

 

उन्होंने नाइजीरिया में भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि बहुत सी भारतीय कंपनियां इस अफ्रीकी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। प्रधान मंत्री ने कहा कि भारत अब विश्व के लिए एक नई आशा बनकर उभरा है, जो विकास, शांति, समृद्धि और लोकतंत्र का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व में जब भी कहीं भी कोई चुनौती उत्पन्न होती है, तो भारत विश्व बंधु या वैश्विक मित्र के रूप में कार्य करते हुए अपना सहयोग देने के लिए सबसे पहले आगे आता है।

 

श्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान फैली अफरातफरी में जब विश्व के देशों को टीकों की सख्त जरूरत थी तब भारत ने यथासंभव अधिक से अधिक देशों को टीके उपलब्ध कराने की पहल की। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने अफ्रीका की आवाज को वैश्विक मंचों पर उठाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। श्री मोदी ने उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बहुत विनम्रता के साथ वे इस सम्मान को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह न केवल उनके लिए बल्कि सभी भारतीयों का सम्मान है।