अक्टूबर 14, 2024 8:56 अपराह्न

printer

प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी इलाके में कल दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई झड़प में एक युवक की मौत स्थिति तनावपूर्ण

प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी इलाके में कल दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई झड़प में एक युवक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार और एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश बहराइच पहुंच गए हैं।

 

आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने हिंसा फैलाने की कोशिश की, जब झड़प में मारे गए युवक का शव रेहुआ मंसूर गांव पहुंचा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। महसी से लेकर महराजगंज तक तीन किलोमीटर के इलाके में आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं। जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।

 

इस बीच हरदी थाने के एसओ और महसी के प्रभारी समेत दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने कथित तौर पर दुर्गा पूजा जुलूस पर गोलीबारी की थी, जिसके परिणामस्वरूप एक युवक की मौत हो गई थी। हरदी क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव में कल शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प में कुछ अन्य लोग भी घायल हो गए। जिले की एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में 25 से 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।