प्रदेश में जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन दी जाएगी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष में पेंशन योजना को मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
श्रीमती आर्या ने आंगनबाड़ी और सहायिका भर्ती प्रक्रिया पर सभी जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारियों से आवेदनों की जानकारी भी ली। प्रदेश में लगभग 40 हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं कार्यरत हैं, जबकि 7 हजार 38 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 20 हजार से अधिक महिलाओं ने भर्ती के लिए आवेदन कर दिया है, और 31 जनवरी तक यह संख्या 1 लाख तक पहुंचने की संभावना है।