प्रदेश में ग्यारह जून से मॉनसून पूर्व बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में अधिक स्थानों पर बारिश होगी। हालांकि दक्षिण बिहार में भी सामान्य बारिश की संभावना है। इधर, वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से राज्य के अधिकतर हिस्सों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतर स्थानों पर तापमान चालीस डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान तैंतालीस दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ डिहरी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, राजधानी पटना का अधिकतम तापमान चालीस दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र, पटना के वैज्ञानिक कुणाल कौशिक ने बताया कि दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है। साथ ही गया, नवादा, जहानाबाद और शेखपुरा समेत राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में लू चलने की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।