प्रदेश में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। सूचना विभाग की झाँकी को पहला, संस्कृत शिक्षा विभाग को दूसरा और शिक्षा विभाग की झाँकी को तीसरा स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा परेड में शामिल टुकड़ियों में पहले स्थान पर सीआरपीएफ, दूसरे स्थान पर 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी और तीसरे स्थान पर 40वीं वाहिनी महिला पीएसी दल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य के लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसमें राज्य की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली।
इससे पहले, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि देश की विकास यात्रा में उत्तराखण्ड भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराया। उन्होंने सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।
देहरादून स्थित उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके कर्तव्य की शपथ दिलाई गई।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।